Hindi Kavi

Just another WordPress.com weblog

नाम-रूप का भेद

Posted by Sandesh Dixit on January 17, 2009

नाम – रूप के भेद पर कभी किया है ग़ौर ?

नाम मिला कुछ और तो शक्ल – अक्ल कुछ और

शक्ल – अक्ल कुछ और नयनसुख देखे काने

बाबू सुंदरलाल बनाये ऐंचकताने

कहँ ‘ काका ‘ कवि , दयाराम जी मारें मच्छर

विद्याधर को भैंस बराबर काला अक्षर

मुंशी चंदालाल का तारकोल सा रूप

श्यामलाल का रंग है जैसे खिलती धूप

जैसे खिलती धूप , सजे बुश्शर्ट पैंट में –

ज्ञानचंद छै बार फ़ेल हो गये टैंथ में

कहँ ‘ काका ‘ ज्वालाप्रसाद जी बिल्कुल ठंडे

पंडित शांतिस्वरूप चलाते देखे डंडे

देख अशर्फ़ीलाल के घर में टूटी खाट

सेठ भिखारीदास के मील चल रहे आठ

मील चल रहे आठ , करम के मिटें न लेखे

धनीराम जी हमने प्रायः निर्धन देखे

कहँ ‘ काका ‘ कवि , दूल्हेराम मर गये कुँवारे

बिना प्रियतमा तड़पें प्रीतमसिंह बेचारे
पेट न अपना भर सके जीवन भर जगपाल

बिना सूँड़ के सैकड़ों मिलें गणेशीलाल

मिलें गणेशीलाल , पैंट की क्रीज़ सम्हारी

बैग कुली को दिया , चले मिस्टर गिरधारी

कहँ ‘ काका ‘ कविराय , करें लाखों का सट्टा

नाम हवेलीराम किराये का है अट्टा

चतुरसेन बुद्धू मिले , बुद्धसेन निर्बुद्ध

श्री आनंदीलाल जी रहें सर्वदा क्रुद्ध

रहें सर्वदा क्रुद्ध , मास्टर चक्कर खाते

इंसानों को मुंशी तोताराम पढ़ाते

कहँ ‘ काका ‘, बलवीर सिंह जी लटे हुये हैं

थानसिंह के सारे कपड़े फटे हुये हैं

बेच रहे हैं कोयला , लाला हीरालाल

सूखे गंगाराम जी , रूखे मक्खनलाल

रूखे मक्खनलाल , झींकते दादा – दादी

निकले बेटा आशाराम निराशावादी

कहँ ‘ काका ‘ कवि , भीमसेन पिद्दी से दिखते

कविवर ‘ दिनकर ’ छायावदी कविता लिखते

तेजपाल जी भोथरे , मरियल से मलखान

लाला दानसहाय ने करी न कौड़ी दान

करी न कौड़ी दान , बात अचरज की भाई

वंशीधर ने जीवन – भर वंशी न बजाई

कहँ ‘ काका ‘ कवि , फूलचंद जी इतने भारी

दर्शन करते ही टूट जाये कुर्सी बेचारी
खट्टे – खारी – खुरखुरे मृदुलाजी के बैन

मृगनयनी के देखिये चिलगोजा से नैन

चिलगोजा से नैन , शांता करतीं दंगा

नल पर नहातीं , गोदावरी , गोमती , गंगा

कहँ ‘ काका ‘ कवि , लज्जावती दहाड़ रही हैं

दर्शन देवी लंबा घूँघट काढ़ रही हैं

अज्ञानी निकले निरे पंडित ज्ञानीराम

कौशल्या के पुत्र का रक्खा दशरथ नाम

रक्खा दशरथ नाम , मेल क्या खूब मिलाया

दूल्हा संतराम को आई दुल्हन माया

‘ काका ‘ कोई – कोई रिश्ता बड़ा निकम्मा

पार्वती देवी हैं शिवशंकर की अम्मा

Leave a comment